कृषक मित्र गांव से जुटाएंगे नाथ सरकार की ऋण माफी की समस्याएं
भोपाल
शिवराज सरकार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल में की गई किसानों की ऋण माफी की समस्याओं को ग्रामस्तर पर एकत्र कराएगी और फिर विकास खण्ड स्तर पर इसकी जानकारी कृषि विभाग के अफसरों को दी जाएगी। इसके बाद जो समाधान होगा वह कृषक मित्रों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
कमलनाथ सरकार में शुरू की गई किसानों की ऋण माफी संबंधी समस्या को लेकर यह निर्देश कृषि विभाग द्वारा जारी किए गए कृषक मित्र की नियुक्ति प्रक्रिया के प्रावधान में दिए गए हैं। कृषक मित्रों के लिए कर्तव्य और जिम्मेदारियों में यह भी कहा गया है कि ये कृषक हित समूह, खाद्य सुरक्षा समूह, कमोडिटी हित समूह के गठन के लिए भी काम करेंगे। ये कृषि के साथ अनुषांगिक विभागों और किसानों के बीच कड़ी का काम करेंगे।
इनकी नियुक्ति को लेकर पिछले माह और चालू माह में दिए गए निदेर्शों के बाद जिलों में 26 जनवरी तक ग्राम सभाओं के माध्यम से पात्र युवाओं के चयन के निर्देश कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत, उप संचालक और संयुक्त संचालक किसान कल्याण तथा परियोजना अधिकारी आत्मा को दिए गए हैं। अधिकांश जिलों में इसकी सूची भी तैयार हुई है पर अब तक इस पर अंतिम फैसला नहीं किया गया है।
प्रदेश में 26 हजार कृषक मित्र की नियुक्ति में प्रभारी मंत्री रोड़ा बनेंगे। दरअसल 2 आबाद गांव में कृषक मित्र बनाए जाना है। इसलिए प्रदेश में 52 हजार गांवों में 26 हजार कृषक मित्र नियुक्त किए जाने हैं लेकिन जिलों में प्रभारी मंत्री की घोषणा नहीं हो पाने से इनकी प्रक्रिया में रुकावट की स्थिति बनी है। इनकी नियुक्ति की शर्तों में साफ तौर पर कहा गया है कि प्रभारी मंत्री के अनुमोदन के बाद ही कृषक मित्र नियुक्त हो सकेंगे।

पाठको की राय